लो जी ! खट्टर सरकार दोबारा बनते ही बाहर निकला जाट आरक्षण का जिन्न


लो जी ! खट्टर सरकार दोबारा बनते ही बाहर निकला जाट आरक्षण का जिन्न


अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति 24 नवंबर को करेगी आरक्षण आंदोलन का ऐलान

4 नवंबर 2019, 6:09 PM  
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
रोहतक। हरियाणा में मनोहर सरकार की सत्ता वापसी के तुरंत बाद ही जाट आरक्षण का जिन्न भी बोतल से बाहर निकल आया है। जाटों ने जल्द ही आंदोलन का बिगुल बजाए जाने के संकेत दे दिए हैं। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि आरक्षण आंदोलन के समय सरकार ने मांगें पूरी करने का वादा किया था, लेकिन इतना समय बीतने के बाद भी तीन मांगें अभी तक अधूरी है। इससे जाट समाज में भारी रोष है। अगर सरकार ने जल्द ही मांगों को पूरा नहीं किया तो दिसंबर माह में कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर सरकार के खिलाफ आंदोलन की घोषणा कर दी जाएगी। यशपाल मलिक जसिया में छोटूराम धाम में पत्रकारों से बात कर रहे थे।उन्होंने कहा कि छोटूराम धाम की स्थापना के मौके पर 24 नवंबर को चौधरी छोटूराम जयंती समारोह मनाया जाएगा। इसमें कई प्रदेशों के लोग भाग लेंगे। आरक्षण आंदोलन को लेकर कहा कि जिस समय आंदोलन चल रहा था तब सरकार ने वादा किया था कि सभी मुकदमों को वापस लिया जाएगा। आरक्षण को लेकर बिल लाया जाएगा। वहीं धरनों पर बैठे लोगों के मृत आश्रितों को सरकार द्वारा नौकरी का आश्वासन दिया गया था। अभी तक सरकार ने इन्हें पूरा नहीं किया। इस मौके पर महासचिव कृष्णलाल हुड्डा समेत अनेक जाट नेता मौजूद रहे।

भाईचारा खराब करने वाले समाज के नेताओं को जनता ने दिखाया आईना
यशपाल मलिक ने कहा कि विधानसभा चुनाव में समाज के लोगों ने उन नेताओं का आइना दिखा दिया है, जिन्होंने राजनीतिक महत्वकांक्षा के लिए भाईचारा खराब किया। सरकार जल्द ही मांग पूरी नहीं करती तो दिसंबर माह में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाकर आंदोलन की घोषणा कर दी जाएगी। समिति के राष्ट्रीय महासचिव अशोक बल्हारा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र पूनिया ने 24 नवंबर को होने वाले समारोह में अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने का आह्वान किया।


Post a Comment

0 Comments