TODAY हिसार : आज की समाचार डायरी (14-12-2019)


  TODAY हिसार :  आज की समाचार डायरी


कैमरी गर्ल्ज स्कूल की छात्राओं ने सीखे आपदा से निपटने के गुर 


14 दिसंबर 2019, 9:32
हरियाणा मीडिया जंक्शन
हिसार। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सौजन्य से गांव कैमरी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जूनियर रेडक्रॉस विद्यार्थियों व काउंसलर्स के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का विधिवत रूप से समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. दलबीर सिंह सैनी ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि किसी भी प्रकार की आपदा के समय वे किसी के कहे बिना ही स्वयंसेवक की भूमिका निभाएं और आपदा पीड़ितों की मदद करके मानवता का धर्म निभाएं। प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों व काउंसलर्स को आपदा प्रबंधन के अलावा सड़क सुरक्षा, स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के अलावा प्राथमिक सहायता में भी पारंगत किया गया। डॉ. डीएस सैनी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन शिविरों के माध्यम से युवा न केवल आपदा प्रबंधन के गुर सीखते हैं बल्कि उनके मन में दूसरों की मदद करने की भावना भी पैदा होती है। उन्होंने कहा कि युवाओं ने इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जो सीखा उसे वे दूसरे विद्यार्थियों को भी सीखाएं ताकि आपदा प्रबंधन के उपायों का अधिक से अधिक प्रसार हो सके।
शिविर में जिला प्रशिक्षण अधिकारी सुरेंद्र श्योराण की देखरेख में सड़क सुरक्षा पर ट्रेफिक से दौलतराम, बाल संरक्षण विभाग से सुनीता यादव, नशा मुक्ति केंद्र से डॉ. पूनम दहिया, एड्स कंट्रोल सोसायटी से ममता काउंसलर व उनकी टीम ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। इनके अलावा काउंसलर सुनीता रानी ने प्राथमिक सहायता व मेडिटेशन पर अपना व्याख्यान दिया। गांव कैमरी व मंगाली के राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण शिविर को विद्यार्थियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया।

हर साल 20 टीमें तैयार करती है रैडक्रास
जिला रेडक्रॉस सचिव रविंद्र लोहान ने कहा कि रेडक्रॉस संस्था राज्य शाखा के निदेर्शानुसार व उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान अशोक कुमार मीणा के आदेशानुसार प्रतिवर्ष इस प्रकार के शिविर आयोजित करके अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों की 20 टीमें तैयार करती है। ये टीमें अपने विद्यालयों में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यों व सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।



नेशनल लोक अदालत में 1310 मुकदमों का समाधान
एमएसीटी के 45 मामलों का निपटान करते हुए पास किए 1.25 करोड़ के क्लेम  

हिसार। राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण व हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निदेर्शानुसार आज हिसार व हांसी के न्यायिक परिसरों में आयोजित नेशनल लोक अदालत में 1310 मुकदमों का आपसी सहमति से निपटान किया गया। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम शिफा ने बताया कि प्राधिकरण चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायधीश अरुण कुमार सिंगल के मार्गदर्शन में आयोजित नेशनल लोक अदालत में सभी प्रकार के मुकदमों जैसे एमएसीटी, पारिवारिक मुकदमें, बिजली, बैंक रिकवरी, 138 एनआई एक्ट आदि मामलों का विवादित पक्षों के बीच आपसी सहमति से समाधान करवाया गया। उन्होंने बताया कि नेशनल लोक अदालत में 1310 मुकदमों का समाधान किया गया। इनमें एमएसीटी के 45 केसों का निपटान करते हुए 1 करोड़ 25 लाख रुपये के क्लेम पास किए गए। उन्होंने बताया कि लोक अदालतों के जरिए मुकदमों का समाधान सबसे सस्ता व सरल तरीका है। लोक अदालतों में निपटाए गए मामलों की कोई अपील नहीं होती है।


सांसद बृजेंद्र सिंह का धन्यवादी दौरा 15 को आदमपुर व 16 को हांसी में
हिसार। हिसार संसदीय क्षेत्र से सांसद बृजेंद्र सिंह 15 दिसंबर को आदमपुर विधानसभा व 16 दिसंबर को हांसी विधानसभा क्षेत्र के गांवों के दौरे करते हुए सांसद बनाने पर हलका के लोगों का आभार व्यक्त करेंगे। सांसद बृजेंद्र सिंह 15 दिसंबर को सुबह 10.30 बजे आदमपुर के गांव सलेमगढ़, 11.15 बजे गांव काबरेल, 12 बजे गांव डोभी, 12.45 बजे गांव खारिया, 1.30 बजे गांव धीरणवास, 3 बजे गांव बुड़ाक, 3.45 बजे गांव बांडाहेड़ी तथा सायं 4.40 बजे गांव चौधरीवाली पहुंचेंगे। इसी प्रकार सांसद बृजेंद्र सिंह 16 दिसंबर को प्रात: 9.30 बजे गांव थुराना, 10.15 बजे गांव कुंभा, 11 बजे गांव जमावड़ी, 11.30 बजे गांव खेड़ी गंगन, 12 बजे गांव शेखपुरा, 12.45 बजे गांव घिराय, 1.30 बजे गांव चानौत, 2.30 बजे गांव भाटला, 3.15 बजे गांव कुलाना, 4 बजे गांव धर्मपुरा तथा सायं 4.30 बजे दयालसिंह कालोनी में पहुंचकर आमजन का धन्यवाद करेंगे।

केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल 15 को हिसार में
हिसार। केंद्रीय भारी उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम व संसदीय मामले राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल 15 दिसंबर को हिसार में फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत जिम का उद्घाटन करेंगे। उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री सुबह 9.30 बजे हिसार पहुंचेंगे तथा 10 बजे टाउन पार्क के सामने व रजिया होटल के समीप क्रिएटर अशोका टाउन में फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत जिम का उद्घाटन करेंगे।

बाल भवन में 1 जनवरी से शुरू होंगी नृत्य कक्षाएं
हिसार। बाल भवन में बच्चों के लिए 1 जनवरी से सायंकालीन नृत्य कक्षाएं आरंभ की जाएंगी जिसके लिए पंजीकरण कार्य आरंभ हो चुका है। इसके अलावा बाल भवन में सायंकालीन कोचिंग कक्षाएं भी निशुल्क चलाई जा रही हैं। जिला बाल कल्याण अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि उपायुक्त एवं जिला बाल कल्याण परिषद के प्रधान अशोक कुमार मीणा के निदेर्शानुसार बाल भवन में लड़कियों व महिलाओं को अपनी आजीविका चलाने एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सिलाई-कढ़ाई का छह महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है। यह प्रशिक्षण पूरी तरह से निशुल्क है तथा कोर्स पूर्ण होने उपरांत बाल भवन की ओर से प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से बाल भवन में बच्चों के लिए सायंकालीन नृत्य कक्षाएं आरंभ की जाएंगी जिसका पंजीकरण आरंभ हो चुका है। उन्होंने बताया कि बच्चों, लड़कियों व महिलाओं के उत्थान व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद से प्राप्त अनुदान राशि के माध्यम से विभिन्न प्रकार की गतिविधियां चलाई जा रही हैं। इसके तहत सायंकालीन कोचिंग क्लास नि:शुल्क कक्षाएं चलाई जा रही हैं इसमें प्रशिक्षित अध्यापिकाओं द्वारा कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को स्कूल का होमवर्क करवाया जाता है। अधिक जानकारी के लिए बाल भवन कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

डीटीपी की टीम ने अवैध कालोनियों में चलाई जेसीबी

हिसार। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम द्वारा आज शहरी क्षेत्र में जेसीबी की मदद से अवैध कालोनियों को तोड?े की कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध निर्माण, सड़कों व डीपीसी आदि को तोड़ा गया। जिला नगर योजनाकार अनिल डबास ने बताया कि विभाग की टीम ने आज शहरी क्षेत्र में गंगवा की राजस्व संपदा में 5 एकड़ में बनी तथा आर्यनगर की राजस्व संपदा में हिसार-बालसमंद रोड के साथ 3 एकड़ में बनाई गई अवैध कालोनियों में बनाई गई मिट्टी की सड़कों व डीपीसी आदि को तोड़ा। इस दौरान लोगों को समझाया गया कि आमजन अवैध कालोनियों में प्रोपर्टी डीलरों के बहकावे में न आएं व अनुसूचित सड़कों व बाईपास की हरित पट्टी में किसी प्रकार का अवैध निर्माण न करें। इसके अतिरिक्त अवैध कालोनाइजर्स व निर्माणकतार्ओं द्वारा भविष्य में भी नियमानुसार विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।

बुड़ाक व कालीरावण में शहीदों को श्रद्धांजलि

हिसार।गांव कालीरावण व बुड़ाक में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को शहीदों के बलिदान की जानकारी देते हुए उनके परिजनों को सम्मानित किया गया। जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन प्रदीप बाली ने बताया कि विभाग द्वारा गांव बुड़ाक के शहीद वीर सिंह पुत्र राजेराम की पुण्यतिथि पर 48वां श्रद्धांजलि दिवस कार्यक्रम गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कल्याण व्यवस्थापक कर्ण ढाका ने शहीद की पत्नी बीरमती देवी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि शहीद वीर सिंह नायक का जन्म गांव बुड़ाक में 15 मार्च 1944 को हुआ था। वे 26 नवंबर 1962 को जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 5 दिसंबर 1971 को भारत-पाकिस्तान युद्ध में शहीद हो गए थे। इस मौके पर विभाग के सुरेंद्र सिंह, सरपंच मेवा सिंह पूनिया, प्रिंसिपल गायत्री देवी, शहीद की सुपुत्री निर्मला देवी, पूर्व सैनिक सूबेदार धूप सिंह, सूबेदार मानसिंह, बलवीर सिंह, कर्णसिंह, प्रताप सिंह, आनंद सिंह व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments