यमुनानगर : मानसून से पहले सुधरेगा शहर का ड्रेनेज सिस्टम, जी का जंजाल नहीं बनेगा बरसाती पानी

यमुनानगर : मानसून से पहले सुधरेगा शहर का ड्रेनेज सिस्टम, जी का जंजाल नहीं बनेगा बरसाती पानी

मेयर ने अधिकारियों संग किया मंथन, सुधार के लिए पांच सदस्यी कमेटी गठित
कमेटी सदस्यों को 15 दिन में देनी होगी रिपोर्ट


15 दिसंबर 2019, 5:47  PM
 शिव लाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। ट्विनसिटी में बारिश से होने वाले जलभराव से निपटने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। बारिश में शहरवासियों के घरों में पानी न घुसे शनिवार को इसको लेकर नगर निगम मेयर मदन चौहान ने पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट एवं नगर निगम की अभियंता शाखा के अधिकारियों के साथ मंथन किया। इस दौरान जगाधरी बस स्टैंड से लेकर कमानी चौक तक सड़क के साथ साथ 1800 एमएम क्षमता के अंडरग्राउंड नाला बनाने पर चर्चा की गई। शहर के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार को लेकर मेयर ने पब्लिक हेल्थ के एक्सईएन सुमित गर्ग के नेतृत्व में पांच सदस्यी कमेटी का गठन किया। जो 15 दिन में अपनी रिपोर्ट मेयर को प्रस्तुत करेंगे। जिसमें ड्रेनेज सिस्टम में कहां क्या सुधार किया जाना है, इससे संबंधित तथ्य होंगे। बैठक में पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट से एक्सईएन सुमित गर्ग, एक्सईएन पारिक गर्ग, नगर निगम एक्सईएन आंनद स्वरूप, एक्सईएन रवि ओबरॉय, एक्सईएन आरडी धीमान, एक्सईएन प्रमोद कुमार, एसडीओ विनोद कुमार, एमई रमेश कुमार वर्मा, एमई सुनीत कुमार, जेई प्रशांत, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।

ड्रेनेज सिस्टम में आ रही दिक्कतों की रिपोर्ट देगी पांच सदस्यी कमेटी
शहर के ड्रेनेज सिस्टम में सुधार को लेकर मेयर मदन चौहान ने पांच सदस्यी कमेटी का गठन किया। इसमें पब्लिक हेल्थ से एक्सईएन सुमित गर्ग, एसडीओ विनोद कुमार व जेई नरेंद्र और नगर निगम से एक्सईएन रवि ओबरॉय व एमई रमेश वर्मा को शामिल किया गया। यह कमेटी शहर के ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान एक रिपोर्ट तैयार करेंगी। जिसमें शहर के पानी की निकासी में कहां कहां क्या रूकावटें व दिक्कतें आ रही है। कहां पर क्या सुधार किया जाना है। किस कॉलोनी का पानी कौन से सिवरेज या बड़े नाले में जोड़ा जा सकता है। ये सभी तथ्य उस रिपोर्ट में शामिल होंगे। 15 दिन में यह रिपोर्ट मेयर मदन चौहान के समक्ष रखी जाएगी। इसपर चर्चा करके पानी की निकासी में सुधार किया जाएगा।

कॉलोनियों से न होकर सड़क के साथ साथ सीधा जाएगा पानी

बैठक में सबसे अधिक चर्चा जगाधरी से हुडा सेक्टर 17 से होते हुए जिमखाना क्लब, प्रोफेसर कॉलोनी, लाजपत नगर से होते हुए निकल रहे नाले पर की गई। बारिश होने पर सबसे ज्यादा दिक्कत इन्हीं कॉलोनियों में होती है। क्योंकि जगाधरी से निकलने वाला नाले का पानी इनमें घुसता है। इसके लिए मेयर ने सुझाव दिया कि जगाधरी से निकलने वाला पानी बस स्टैंड चौक के पास से सड़क के साथ साथ अंडरग्राउंड नाले में छोड़ा जाए। यह नाला सीधा कमानी चौक, फिर रेलवे लाइन के नीचे से होता हुआ आगे जाएगा। पंचायत भवन, कन्हैया साहिब चौक व कमानी चौक पर इस नाले में अन्य छोटे नाले भी जोड़े जाएंगे।

तालमेल बनाकर काम करें सभी इंजीनियर
मेयर मदन चौहान ने सभी इंजीनियर्स को निर्देश दिए कि वे तालमेल बनाकर काम करें। सभी इंजीनियर अपने अपने एरिया में दूसरे एरिया के इंजीनियर से तालमेल बनाकर काम करे। नालों व सीवरेज डालने में लेवल पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निगम व पब्लिक हेल्थ के इंजीनियर्स ने उन्हें उचित तरीके से काम करने का आश्वासन दिया। मेयर ने सभी अधिकारियों को इस कार्य में जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए।

बरसात में अब नहीं डूबेगा यमुनानगर
शहर को सुंदर बनाने के लिए हम हर भरकस प्रयास कर रहे हंै। शहर से पानी की निकासी की समस्या बहुत पुरानी और जटिल है। इसके निपटान को लेकर ही आज प‌ब्लिक हेल्थ व नगर निगम के इंजीनियर्स के साथ मीटिंग की गई। इसके लिए बड़े प्रोजेक्ट तैयार किए जा रहे हैं। ड्रेनेज सिस्टम में सुधार के लिए पांच अधिकारियों की कमेटी भी बनाई गई है। जल्द ही बारिश में पानी की समस्या निकासी की या का समाधान होगा।
- मदन चौहान, मेयर
नगर निगम, यमुनानगर-जगाधरी।

Post a Comment

0 Comments