रोहतक सिविल लाइन थाने के तीन और पुलिसकर्मी सस्पेंड


  • लावारिस हालत में लोडेड कार्बाइन और पिस्टल छोड़ने वाले पुलिस कर्मियों की पहचान के बाद कार्रवाई 
  • गृह मंत्री अनिल विज एसएचओ समेत 6 पुलिसकर्मियों को पहले ही कर चुके सस्पेंड 


16 फरवरी 2020, 5:26 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज 
रोहतक। रोहतक सिविल लाइन थाने में लावारिस हालत में लोडेड कार्बाइन और पिस्टल छोड़ने वाले तीनों पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है। निलंबित किए गए पुलिस कर्मियों में त्एएसआइ धर्मबीर सिंह, हवलदार प्रदीप कुमार और ईएचसी नरेश कुमार को सस्पेंड कर पुलिस लाइन में भेज दिया गया है। वहीं अंबाला से स्थानांतरित होकर आए इंस्पेक्टर ललित कुमार को सिविल लाइन थाने का एसएचओ नियुक्त किया गया है, जिन्होंने चार्ज ले लिया। बता दें कि वीरवार को गृह मंत्री अनिल विज ने सिविल लाइन थाने का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान थाने में काफी अनियमितताएं मिली थी। शिकायतों को रजिस्ट्रर में दर्ज नहीं किया गया था और एसएचओ नरेश कुमार अपने स्तर से फैसले कराते थे। गृह मंत्री को दो कार्बाइन और एक पिस्टल काठ की अलमारी में लावारिस हालत में रखी मिली थी, जो लोडेड थी। ऐसे में गृह मंत्री ने एसएचओ नरेश कुमार, मुंशी वीरेंद्र और हेड कांस्टेबल राकेश समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए थे। इसमें तीन पुलिसकर्मी वह थे जिन्होंने कार्बाइन और पिस्टल को वहां पर छोड़ रखा था, लेकिन उस समय तक उनके नाम पता नहीं चल सका था। इसके बाद गृह मंत्री ने एसपी मोहित हांडा को जांच के आदेश दिए थे।

Post a Comment

0 Comments