17 फरवरी 2020, 11:31 AM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
फतेहाबाद/भूना। जिला के भूना क्षेत्र अंतर्गत गांव जांडली खुर्द की ढाणी में 46 वर्षीय अधेड़ की दो अज्ञात लोगों ने किसी नुकीले हथियार से गर्दन पर हमला कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के समय पूरा परिवार नजदीक में ही विवाह समारोह में शामिल होने गया था। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई खुशी राम की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में जांडली खुर्द ढाणी निवासी खुशी राम ने बताया कि उसका भाई प्रेम कुमार की ढाणी उसके घर के साथ ही है। 14 फरवरी को रात्रि 9 बजे के करीब प्रेम कुमार की पत्नी सुदेश व पुत्र संदीप पड़ोस की ढाणी में आयोजित विवाह समारोह में शिरकत करने गए हुए थे। इस दौरान प्रेम कुमार घर पर अकेला था। शिकायतकर्ता का कहना है कि रात्रि सवा 9 बजे के करीब ढाणी से प्रेम कुमार के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, शोर सुनकर खुशी राम मौके पर पहुंचा तो देखा कि प्रेम कुमार चीखता-चिल्लाता हुआ ढाणी के बाहर आ गया। उसकी गर्दन से खून बह रहा था। उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया। जहांं रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शिकायतकर्ता का कहना है कि मरने से पूर्व प्रेम कमार ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति उसकी ढाणी में घुसे और लाइटें बंद करके मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों ने नुकीली वस्तुु गर्दन में मारी।


0 Comments