हरियाणा : किसानों की मार्केटिंग समस्या हल करेगी सरकार



हरियाणा : किसानों की मार्केटिंग समस्या हल करेगी सरकार

6 दिसंबर 2019, 7: 48 PM 
 हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज

चंडीगढ़/करनाल। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि किसान कड़ी मेहनत और लगन से कृषि उत्पादन करता है, लेकिन उन्हें मार्केटिंग की समस्या का सामना करना पड़ता है। किसानों को इस समस्या से निजात दिलाने के लिए विशेष बल दिया जाएगा, ताकि किसान की आमदनी बढ़े और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल किया जा सके। कृषि मंत्री ने बताया कि घरौंडा स्थित इंडो-इजराईल सब्जी उत्कृष्टता केन्द्र नई तकनीक से किसानों का उत्पादन बढ़ाने में सक्रिय सहयोग दे रहा है और विभिन्न फसलों विशेषकर बागवानी में नए शोध करके किसानों को प्रशिक्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस केन्द्र के माध्यम से किसानों को टपका  सिंचाई सहित कम पानी से फसलों के उत्पादन की तकनीक को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भावंतर भरपाई योजना में सब्जी की दो अन्य फसलों मटर व टमाटर को भी शामिल किया गया है। उन्होंने शामगढ़ में स्थित आलू प्रौद्योगिकी केन्द्र का भी निरीक्षण किया और कृषि वैज्ञानिकों द्वारा आलू की कृषि में नई तकनीकों के प्रयोग, उत्पादन बढ़ाने के लिए विकसित की जा रही नई किस्मों और इस केन्द्र पर स्थापित आधुनिक प्रयोगशाला की प्रक्रिया की जानकारी भी ली।

किसानों को दी जाएगी पोली हाउस संबंधी जानकारी
कृषि मंत्री ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रहेगी कि कृषि क्षेत्र में कार्यरत कोई भी उपक्रम नुकसान की स्थिति में ना रहे और इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों से पूरी व्यवस्था पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पोली हाऊस स्थापित करने के क्षेत्र में पाई जा रही खामियों को दूर करके किसानो को इसके सही तथ्यों से अवगत करवाया जाएगा ताकि वे इस नई तकनीक के माध्यम से उत्पादन बढ़ा सकें।

कोई धान घोटाला नहीं हुआ, आधारहीन बयानबाजी कर रहा विपक्ष
पराली जलाने की समस्या से सम्बंधित एक प्रश्र पर कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार आगामी सीजन तक पराली के प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी और इसके लिए किसानो को सहयोग देकर पराली न जलाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों के प्रश्र पर कहा कि प्रदेश में धान घोटाले को लेकर विपक्ष के लोग आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं, वास्तव में इस तरह का कोई घोटाला हुआ ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद के माध्यम से खरीदा गया धान शैलर मालिको के पास रखा गया है और सरकार समय-समय पर इसकी जांच करती रहती है।

Post a Comment

0 Comments