
क्या दिल्ली विधानसभा चुनाव में ताल ठोंकेगी जेजेपी, यह कमेटी जल्द लेगी अंतिम फैसला
जननायक जनता पार्टी के एक साल का सफर पूरा होने पर भविष्य के लिए किया गया चिंतन, मनन और मंथन
14 दिसंबर 2019, 5: 38 PM
गौरव सोनी। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़ /सिरसा। अगले माह से दिल्ली में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी ताल ठोंकेगी या नहीं, इसका फैसला डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यीय कमेटी जल्द लेगी। इस कमेटी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के अलावा, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अनंतराम तंवर, दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष ओमप्रकाश सहरावत, डा. श्यामलाल, डा. केसी बांगड़, शीला भ्याण तथा गुडगांव, सोनीपत, झज्जर व फरीदाबाद जिले के जिला अध्यक्ष शामिल हैं। इसके अलावा पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए 20 दिसंबर से एक माह तक सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। संगठन की सर्वोच्च बैठक में दुष्यंत चौटाला ने पांच साल तक भाजपा के साथ मजबूती से सरकार चलाने का इरादा जाहिर किया। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा गठबंधन सहयोगी है और गठबंधन का धर्म निभाते हुए किसी भी भाजपा के नेता को जेजेपी में शामिल न करने का निर्णय लिया गया है। चुनावों में पार्टी से बगावत करने वालों को लेकर भी कार्यकारिणी ने कड़ा रूख अपनाया और इसकी एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए जिला अध्यक्षों को अधिकृत किया गया। पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। पार्टी के एक साल का सफर पूरा करने के अवसर पर दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जेजेपी का एक साल का सफर स्वर्णिम रहा और इसके पीछे पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकतार्ओं की अनथक मेहनत और उनकी निष्ठा है। छोटे से कार्यकाल में हर कार्यकर्ता ने नई पार्टी की विचारधारा और नीतियों को हर व्यक्ति तक पहुंचाने में सफलता हासिल की। पार्टी संगठन का ही परिणाम है कि पार्टी गठन के एक माह बाद हुए जींद उपचुनाव व लोकसभा चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इन चुनाव परिणामों के उत्साहित होकर कार्यकतार्ओं दोहरे जोश से काम किया और विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 10 सीटों पर न केवल विजय हासिल की बल्कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जेजेपी को 15 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करने पर स्थायी मान्यता दी और चुनाव निशान आवंटित किया। उन्होंने कहा कि जेजेपी के लिए मात्र 11 माह में यह कम बड़ी उपलब्धि नहीं है।पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के कारण ही जेजेपी ने विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के कार्यकतार्ओं, मतदाताओं का आभार जताया।
पार्टी से बगावत करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाने की तैयारी
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पार्टी संरक्षक डा. अजय सिंह चौटाला ने पार्टी गठन के एक साल पूरा होने पर सभी को बधाई संदेश भेजा है। उन्होंने कहा कि सरदार निशान सिंह के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकतार्ओं ने दिन-रात मेहनत करके पार्टी को सत्ता में लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के शुरूआती दौर में तात्कालिक विधायक राजदीप फोगाट, अनूप धानक, पिरथी नंबरदार एवं नैना चौटाला के उस त्याग ने हमें आगे बढ़ने का हौंसला दिया। डिप्टी सीएम ने कहा कि कुछ हमारे ही कार्यकतार्ओं द्वारा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के विरूद्ध काम करने की सूचना मिली थी। इसके लिए प्रत्येक जिला प्रधान को अधिकृत किया गया है कि वह अपने जिले से ऐसे लोगों की सूची 15 दिसंबर तक भेजें जिन्होंने पार्टी के विरूद्ध काम किया है। डिप्टी सीएम ने कहा कि 20 दिसंबर से 20 जनवरी तक चलने वाले सदस्यता अभियान में हर साथी का खुले दिल से स्वागत करें जो हमसे जुड़ना चाहता है। इसके लिए राजेंद्र लितानी के नेतृत्व में एक मानिटरिंग कमेटी बनाई गई है जिसमें विधायक देवेंद्र बबली, पूर्व विधायक रमेश खटक, उमेद कश्यप व रणधीर सिंह शामिल है। अभियान के साथ-साथ हर घर झंडा लगाने का अभियान चलाने पर बैठक में जोर दिया। इनसो पर चर्चा करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 30 दिन के अंदर-अंदर दिग्विजय सिंह चौटाला के नेतृत्व में एक रिपोर्ट तैयार करें कि आने वाले समय में दिल्ली विश्वविद्यालय सहित अन्य राज्यों में भी इनसो संगठन को मजबूती से खड़ा किया जा सके।


0 Comments