'ऑपरेशन परिंदे' में दिखाई देगी भारतीय इतिहास में जेल तोड़ने की सबसे विवादित कहानी


जी5 ने की आरिजनल फिल्म ऑपरेशन परिंदे बनाने की घोषणा
भारत के इतिहास में सबसे विवादित जेल ब्रेक पर आधारित है यह काल्पनिक कहानी
सच्ची घटनाओं और सर्जिकल स्ट्राइक के बाद की घटनाओं से है प्रेरित
धूम 1 और धूम 2 के सफल निर्देशक संजय गढवी की डिजिटल प्लेटफॉर्म पर यह पहली फिल्म है


5 दिसंबर 2019, 7:30 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन

मुंबई। देश में आरिजनल फिल्मों की सबसे बड़ी निमार्ता कंपनी जी5 ने जानेमाने फिल्म निर्देशक संजय गढवी (धूम 1 और धूम 2 के निर्देशक) के निर्देशन में आरिजनल फिल्म ‘ऑपरेशन परिंदे’ बनाने की घोषणा की है। यह फिल्म सत्य घटनाओं पर आधारित है। यह दिलचस्प घटनाओं और सर्जिकल स्ट्राइक्स के बाद होने वाली घटनाओं से प्रेरित एक एक्शन थ्रिलर है।  'Operation Parinde' will see the most controversial story of jail break in Indian history. ऑपरेशन परिंदे देश के इतिहास में सबसे विवादित जेल ब्रेक की घटना पर आधारित एक काल्पनिक फिल्म है। फिल्म की कहानी तेजी से चलती है और एक के बाद एक अप्रत्याशित मोड़ लेती है। इसमें दर्शक जेल ब्रेक के इर्दगिर्द वास्तविक घटनाओं में बहुत गहराई तक उतर जाएंगे।
इस थ्रिलर में काफी प्रभावशाली लोग एक्टिंग करते नजर आएंगे जिनमें अमित साध (एसपी अभिनव माथुर), राहुल देव (मोंटी सिंह), अमीत गौर (करतार), कुणाल कुमार (श्रीनी), आकाश धैया (पब्बी), रुचल नामकर (एसपी कोमल) प्रमुख रूप से शामिल हैं। वर्ष 2020 में रिलीज होने वाली इस फिल्म का निर्माण हाल ही में शुरू हुआ है और टीम पंजाब के बठिंडा और मुंबई में इसकी शूटिंग करेगी। डायरेक्टर संजय गढवी इस फिल्म जोनर के माहिर हैं और सभी इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि वे इस विषय के साथ न्याय कर पाएंगे। उन्होंने कहा, ‘जिस बात ने मुझे इस कहानी की तरफ आकर्षित किया वह है इसका सत्य घटनाओं से प्रेरित होना। इस फिल्म में जो कास्ट ली गई है वह परफेक्ट है और अपनी संबंधित भूमिका को निभाने में बेहद सक्षम है। डिजिटल के लिए डायरेक्टर के तौर पर यह मेरी पहली फिल्म है और मैं जी5 के साथ काम करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है क्योंकि जी5 की पहुंच काफी विस्तृत है और इससे यह तय है कि यह फिल्म बहुत बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचेगी। इस फिल्म में बहुत गहराई है और एक डायरेक्टर के तौर पर मेरे लिए एक चुनौती है और इसलिए मैंने इस चुनौती को स्वीकार करना तय किया। उम्मीद है कि आप लोग भी इस फिल्म का उतना ही लुत्फ उठा पाएंगे, जितना की मैं इसे बनाने में उठा रहा हूं।’
 
दर्शकों को मिलेगा भरपूर इमोशंस व रोमांच
जी5 की प्रोग्रामिंग हेड अपर्णा आचरेकर ने कहा, ‘कंपनी की स्थापना से लेकर अब तक हमने हर जोनर (विधा) में बेहतरीन टैलेंट के साथ आरिजनल फिल्में बनाई हैं। ऑपरेशन परिंदे एक ऐसे विषय पर आधारित है जिसको डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किसी ने भी नहीं उठाया है। फिल्म में काम करने वाली पूरी टीम बहुत सोच समझकर चुनी है, सभी बहुत ही प्रतिभाशाली हैं और बेहतर अभिनय के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने दर्शकों की रुचि के अनुसार बेहतरीन कंटेंट देने के लिए लगातार प्रतिबद्ध हैं।’ फाइनल कोस्ट की संस्थापक और सीईओ आरती गुडाल ने कहा, ‘आपरेशन परिंदे हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगी क्योंकि जी5 के साथ हमारा पहला प्रोजेक्ट है। एक प्रोड्यूसर के नाते मैं बहुत उत्साहित हूं क्योंकि बेहतरीन क्षमता के साथ श्रेष्ठ टैलेंट आॅपरेशन परिंदे में काम कर रहा है। मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि दर्शक पूरी फिल्म में इमोशंस और रोमांच का अहसास करेंगे।’

जी5 पर होगा फिल्म का प्रसारण
फ्लुएंस स्टूडियोज (सीए मीडिया डिजिटल की कंटेंट क्रिएशन आर्म) के डायरेक्टर पुरस्कार गुप्ता ने कहा, ‘जहां जेलें हैं वहां जेल ब्रेक भी हैं। जितनी सख्त जेल होगी, उतना ही दिलचस्प जेल ब्रेक होगा। फ्लुएंस स्टूडियोज इस बात को लेकर खुश है कि वह फाइनल कोस्ट के साथ मिलकर जी5 के लिए आॅपरेशन परिंदे बना रहे हैं। यह फिल्म दर्शकों को प्लोट, प्लान और एक्शन के उतार-चढ़ाव के सफर में लेकर जाएगी। फाइनल कोस्ट और फ्लुएंस स्टूडियोज (सीए मीडिया की आर्म) और रोल कामेरा मोशन पिक्चर्स इस फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। इस फिल्म का प्रसारण (स्ट्रीमिंग) विशेषतौर पर जी5 पर होगा।