आदमपुर की जनता का आभार जताने पहुंचे कुलदीप बोले, भाईचारे के आगे फेल हो गए भाजपा के षडयंत्र
5 दिसंबर 2019, 8:00 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
आदमपुर। आदमपुर से चौथी बार विधानसभा पहुंचे कांग्रेस केन्द्रीय कार्यसमिति सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने आज हलकावासियों का आभार जताने के लिए धन्यवादी दौरा शुरू किया। आदमपुर पूर्वी पाना, पश्चिमी पाना, कोहली, कालीरावण, फ्रांसी, असरावा, जगान, चिकनवास, झिड़ी, ठसका, ढंढूर, तेजा मार्केट, पक्की डिग्गी, बीड़ बबरान में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों का विधानसभा चुनाव में साथ देने पर आभार जताया। गांवों में उन्होंने लोगों की गली पक्की करवाने, खाल पक्का करवाने, ढाणियों में बिजली लगवाने, नहरों, रजबाहों, डिग्गियों में पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाने, सीवरेज, पीले राशन कार्ड बनवाने, बुढ़ापा पैंशन बनवाने, शैड बनवाने, शमसान घाट की चारदिवारी बनवाने, चौपालों की मरम्मत करवाने सहित अन्य समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करके जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाने का प्रयास करेंगे। गांवों में पहुंचने पर फूलमालाओं, लड्डुओं, पगड़िय़ों से उनका जोरदार स्वागत किया गया। विधायक ने कहा कि चुनावों में भाजपा के तमाम षडयंत्रों के बावजूद हलकावासियों ने फिर से इतिहास रच दिया और हमारे और आपके 51 वर्षों के साथ को आगे बढ़ाते हुए यह साबित कर दिया कि जब बात पारिवारिक एकजुटता की आती है तो आदमपुर हलका पूरे देश के लिए एक मिसाल है। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा नेताओं ने पिछले कार्यकाल के दौरान आदमपुर, नलवा के किसानों को महीने में दो सप्ताह पानी देने का वादा किया था। किसानों के लंबे संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री ने भी किसानों को टेल तक पानी देने का वादा किया। सरकार में सहयोगी पार्टी के नेताओं ने भी किसानों से वादा किया था कि सत्ता मिलते ही पहली कलम से किसानों को पानी दिया जाएगा, परंतु गठबंधन सरकार की कार्यप्रणाली से ऐसा नहीं लग रहा है की यह सरकार किसानों के हित में कोई ठोस नीतियां लागू करने के प्रति गंभीर है। ग्वार, कपास की खराब फसलों का मुआवजा अभी तक किसानों को नहीं मिला। धान की खरीद में राज्य में बड़ा घोटाला हुआ है और किसानों को बड़े स्तर पर चपत लगी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसमें सभी वर्गों के हित सुरक्षित हैं। इस दौरान रणधीर पनिहार, बलदेव खोखर, जयवीर गिल, विनोद ऐलावादी, बलदेव खोखर, विक्रांत देवीलाल बिश्नोई, मानसिंह चेयरमैन, कृष्ण सेठी सरपंच, संदीप ज्याणी समेत अनेक ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments