धन्यवादी दौरे के दौरान बोले कुलदीप, प्याज, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस ने किया जीना दुश्वार
6 दिसंबर 2019, 2:17 PM
हरियाणा मीडिया जंकशन न्यूज
आदमपुर। प्याज, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कीमतों में लगातार होती जा रही बेतहाशा वृद्धि ने गरीब व आम आदमी का जीना दुश्वार कर दिया है। एक ओर जहां आम आदमी की दैनिक उपयोग की वस्तुओं में निरंतर इजाफा हो रहा है, वहीं देश, प्रदेश में रोजगार घट रहे हैं। भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था बदहाल हो चुकी है। जिसका सीधा असर आम जनमानस पर पड़ रहा है। यह बात सीडब्ल्यूसी मैंबर एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज हलके के विभिन्न गांवों में धन्यवादी दौरे के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कही। दुर्जनपुर, काजला, न्योली खुर्द, मलापुर, महलसरा, मोठसरा, जाखोद, सलेमगढ़, काबरेल, ढाणी सीसवाल, सीसवाल, लाखपुल, लाइनपार, में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों का विधानसभा चुनाव में साथ देने पर आभार जताया। गांवों में उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना तथा मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात करके जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाने का प्रयास करेंगे। गांवों में पहुंचने पर फूलमालाओं, लड्डुओं, पगडिय़ों से उनका जोरदार स्वागत किया गया। विधायक ने कहा कि चुनाव में पारिवारिक हलके को मजबूती देने के लिए मतदाताओं के साथ-साथ दिन-रात मेहनत करने वाले जोन प्रभारी, गांव प्रभारी तथा बूथ प्रभारी भी बधाई के पात्र हैं। सदैव वे उनके आभारी रहेंगे और आदमपुर हलके के चहुंमुखी विकास के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे। कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा के कुप्रबंधन के कारण जीडीपी निचले स्तर पर है, रेलवे 10 साल में सबसे ज्यादा घाटे में है, बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है, पेट्रोल, गैस सिलेंडर सबसे महंगा है, उच्च शिक्षा सबसे महंगी, बैंकों का एनपीए सबसे ज्यादा है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, बलात्कार, गैंगरेप सबसे ज्यादा हो रहे हैं। भाजपा के नेतृत्व में देश आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है, जबकि सरकार के चहेते चंद पूंजीपति अपनी जेबें भर रहे हैं। देश के बैंक दिवालिया होने की कगार पर खड़े हैं। इसके लिए भाजपा की तानाशाही नीतियां ही जिम्मेवार हैं। इस दौरान रणधीर पनिहार, बलदेव खोखर, जयवीर गिल, विनोद ऐलावादी, बलदेव खोखर, मानसिंह चेयरमैन, कृष्ण सेठी सरपंच समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।
सरकार बनते ही किसानों से किए वादे भूल गए भाजपा व जेजेपी नेता
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि बालसमंद, बुड़ाक, बांडाहेड़ी, खारिया, डोभी, सुंडावास, गावड़, गोरछी, सरसाना, बासड़ा, न्योली खुर्द, ठसका, काबरेल आदि गांवों में सिंचाई पानी की घोर किल्लत है और क्षेत्र के किसान पिछले लंबे समय से आंदोलनरत हैं। वर्तमान सरकार ने किसानों को महीने में दो सप्ताह पानी देने का वादा किया था, परंतु भाजपा सरकार में न तो टेलों तक पानी पहुंच रहा है और न ही लोगों को पीने के लिए स्वच्छ व पर्याप्त पानी मिल रहा है। सरकार की सहयोगी पार्टी के नेताओं ने भी किसानों से बड़े-बड़े वादे किए थे, किंतु सत्ता मिलते ही ये लोग किसानों की तकलीफों को भूल गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों के हित में नीतियां लागू की जाएंगी।

0 Comments