नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी सारागढ़ी के योद्धाओं की वीर गाथा
यूथ आइकॉन-2019 सम्मान मिलने के उपरांत डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किया ऐलान
बोले, सारागढ़ी लड़ाई के 21 योद्धाओं की वीरता पर गर्व
यूएसए की सारागढ़ी फाउंडेशन के साथ यूके के आर्मी डेलिगेशन ने किया सम्मानित


15 दिसंबर 2019, 4:24
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज

पंचकुला/चंडीगढ़। प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा सारागढ़ी के वीर योद्धाओं की वीर गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। वे यहां यूएसए की सारागढ़ी फाउंडेशन और यूके सेना मुख्यालय के अधिकारियों से यूथ आइकॉन आॅफ द ईयर 2019  सम्मान पाकर उपस्थितजनों को संबोधित कर रहे थे। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि सारागढ़ी के इन 21 वीर योद्धा के साथ-साथ जितने भी विक्टोरिया क्रॉस रहे हैं उनका एक अध्याय हमारे इतिहास के साथ जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) को अपनी सभी इतिहास की पुस्तकों में इस अध्याय को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस सुझाव को वह केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री तक पहुंचाएंगे। वहीं उन्होंने कहा कि सारागढ़ी की लड़ाई में जो दो वीर योद्धा हरियाणा राज्य के थे, उनके लिए उनके गांव में मेमोरियल बनाने का प्रयास भी किया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इस वीरता की गाथा को जिंदा रखा जा सके। सम्मानित होने के बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने दोनों संस्थाओं का आभार प्रकट किया। वहीं इस मौके पर उन्होंने इस सम्मान को प्रदेश के युवाओं को समर्पित करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं है बल्कि उनके साथ प्रदेश की तरक्की में काम कर रहे हजारों लाखों युवाओं का है। पत्रकारों से रूबरू होते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत ने सारागढ़ी की लड़ाई में हजारों अफगान लड़ाकों को टक्कर देने वाले 21 योद्धाओं को याद करते हुए कहा कि बॉर्डर पर अपनी पोस्ट बचाने के लिए अंतिम सांस तक वीर योद्धाओं ने लड़ाई लड़ी, जिनपर उन्हें बहुत गर्व है। उन्होंने कहा कि उन 21 योद्धाओं में से दो वीर योद्धा हरियाणा के भी थे। उन्होंने कहा कि वे आने वाली पीढ़ियों तक इस वीरगाथा को पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसे वीर योद्धाओं की वीरगाथा को नई पीढ़ी से रूबरू करवाने वाली सारागढ़ी संस्था के साथ जुड़ने और उनसे सम्मानित होने का आज उन्हें सौभाग्य मिला जिसके लिए वे उनका आभार प्रकट करते हैं।