बरवाला : कांग्रेस की ‘भारत बचाओ’ रैली के लिए भूपेंद्र गंगवा के नेतृत्व में हजारों कांग्रेसी दिल्ली रवाना
14 दिसंबर 2019, 9:09 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार/बरवाला। आज दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की ‘भारत बचाओ’ रैली में कांग्रेस नेता व माटी कला बोर्ड के पूर्व चेयरमैन भूपेन्द्र गंगवा के नेतृत्व में बरवाला हल्के से हजारों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। रैली को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। रैली में जाने वाले वाहनों को रवाना करने से पूर्व बरवाला विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेन्द्र गंगवा ने कहा कि हर वर्ग के लोगों में भाजपा की नीतियों के खिलाफ जबरदस्त रोष है। भाजपा सरकार में किसान, व्यापारी, कर्मचारी से लेकर हर वर्ग बदहाली की कगार पर खड़ा है। तानाशाही नीतियों की वजह से आज देश, प्रदेश आर्थिक बदहाली की ओर बढ़ रहा है, जिससे बेरोजगारी बढ़ रही है तथा उद्योग धंधे लगातार बंद होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से देश, प्रदेश में भाजपा ने सत्ता संभाली है आम आदमी की दैनिक उपभोग की वस्तुओं में निरंतर बेतहाशा वृद्धि हुई है। पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस से लेकर प्याज, टमाटर सहित तमाम खाद्य पदार्थों के दामों आग लगी हुई है और गरीब आदमी के लिए दो वक्त की रोटी भी जुटाना दुश्वार होता जा रहा है। भूपेन्द्र गंगवा ने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में आज होने वाली भारत बचाओ रैली भाजपा के ताबूत में कील ठोंकने का काम करेगी और कांग्रेस पार्टी के प्रति बढ़ते लोगों के विश्वास को दिखाएगी। उन्होंने कहा कि वे बरवाला हलके के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत हैं और हलकावासियों की हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। गंगवा ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है।


0 Comments