नगर निगम जल्द शुरु करने जा रहा कई अहम प्रोजेक्ट, कई पर चल रहा काम
15 से 20 दिसंबर के बीच होगी नगर निगम हाउस की बैठक
6 दिसंबर 2019, 9:17 PMशिव लाल। हरियाणा मीडिया जंक्शन
यमुनानगर। नगर निगम मेयर मदन चौहान ने कहा कि अपना यमुनानगर जल्द ही स्मार्ट सिटी से भी सुंदर शहर उभर कर आएगा। इसके लिए नगर निगम जल्द ही कई प्रोजेक्ट पर काम करने वाला है। ये प्रोजेक्ट पूरे होते ही अपना शहर स्मार्ट सिटी से भी सुंदर शहर बन जाएगा। मेयर चौहान शुक्रवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मेयर ने बताया कि नगर निगम के हर वार्ड में एलईडी स्ट्रीट लाइट, स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनाना (रेहड़ियां व फड़ियां को शिफ्ट करना), कूड़ा कलेक्शन सेंटर, सड़कों को कब्जा मुक्त करना, पार्कों को सुंदर बनाना, म्यूजियम बनाने समेत कई प्रोजेक्ट है। इनमें से हर वार्ड में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। सड़कों को कब्जा मुक्त किया जा रहा है। स्ट्रीट वेंडिंग जोन के लिए भी स्थान निर्धारित कर लिए गए है। कूड़ा कलेक्शन सेंटर व पार्कों को सुंदर बनाने के लिए भी टेंडर लगाए जा रहे है। इसके बाद म्यूजियम व अन्य प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद सुुरेंद्र शर्मा, रानी कालड़ा, अनिल, नितिन कपूर, कृष्ण सिंगला समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
सड़क किनारे कंडम खड़े वाहनों को जल्द हटाएंगे
मेयर चौहान ने कहा कि उन्होंने शहर में विजिट किया था। शहर के रेलवे रोड, वर्कशॉप रोड व अन्य मार्गों पर सड़क किनारे कई कंडम वाहन लंबे समय से खड़े हुए हंै। यदि वाहन मालिक जल्द ही इन वाहनों को नहीं हटाते तो नगर निगम द्वारा इन वाहनों को उठाकर जब्त किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दे दिए हैं।
पॉलिथीन के खिलाफ फिर चलाएंगे अभियान
मेयर चौहान ने कहा कि नगर निगम द्वारा पिछले दिनों पॉलिथीन एवं वन टाइम पॉलिथीन बंद करने के लिए अभियान चलाया था। काफी हद तक लोगों ने पॉलिथीन बंद कर ली थी। लेकिन अब भी कुछ दुकानदारों पॉलिथीन का इस्तेमाल कर रहे है। जिनके खिलाफ नगर निगम फिर कार्रवाई करेंगे। यदि कोई दुकानदार पॉलिथीन का इस्तेमाल कर रहा है तो वे बंद कर दे।
15-20 दिसंबर के बीच होगी हाउस की बैठक
मेयर चौहान ने कहा कि नगर निगम हाउस की बैठक जल्द ही होगी। इसके बाद रूटीन में हर माह हाउस की बैठक होगी। नगर निगम हाउस की बैठक के लिए जल्द ही अधिकारियों से विचार विमर्श कर दिन तय किया जाएंगा। उनका प्रयास रहेगा कि 15 से 20 दिसंबर के बीच हाउस की बैठक हो।

0 Comments