गीता महोत्सव के लिए कुरुक्षेत्र जाने वाले श्रद्धालुओं का लगेगा आधा किराया, चलाई गई हैं स्पेशल बसें
7 दिसंबर 2019, 8:26 AM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ। हरियाणा सरकार द्वारा गीता महोत्सव-2019 के दौरान कुरुक्षेत्र आने वाले श्रद्घालुओं को एक बड़ा तोहफा दिया है। सरकार द्वारा उन्हें पहली दिसम्बर से 10 दिसम्बर तक बस किराये में 50 प्रतिशत छूट पर परिवहन सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए 128 बसें चलाई जा रही हैं। परिवहन मंत्री मूलचन्द शर्मा ने बताया कि टिकटों पर दी गई छूट परिवहन विभाग की विभिन्न छूट प्राप्त श्रेणियों के तहत पहले से छूट का लाभ उठाने वाली किसी भी श्रेणी पर लागू नहीं होगी। उन्होंने बताया कि गीता महोत्सव-2019 के लिए श्रद्घालुओं को परिवहन सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए विशेष कूपन या टिकटें जारी की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पंचकूला, अम्बाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जीन्द, पानीपत और सोनीपत जिलों से सम्बन्धित डिपो द्वारा अपने गंतव्य या डिपो से 11-11 बसें कुरुक्षेत्र के लिए चलाई जा रही हैं। इस तरह, इन 9 जिलों से लगभग 100 बसें चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी-दादरी, नारनौल, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फतेहाबाद, फरीदाबाद, नूहं और पलवल डिपो से 2-2 बसें कुरुक्षेत्र के लिए चलाई जा रही हैं। इस तरह, इन 13 जिलों से कुल 26 बसें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा, दो बसें चण्डीगढ़ डिपो से भी कुरुक्षेत्र के लिए चलाई जा रही हैं। इसके लिए 50 प्रतिशत किराया यात्री को वहन करना होगा जबकि कुल किराये की 50 प्रतिशत छूट कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड या हरियाणा सरकार द्वारा वहन की जाएगी। परिवहन मंत्री ने बताया कि इन डिपुओं द्वारा अपने डिपो से कुरुक्षेत्र के लिए प्रात: 6:00 बजे से प्रात: 8:00 बजे तक जबकि कुरुक्षेत्र से गंतव्य स्थान या सम्बन्धित डिपो के लिए सायं 5:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक चलाई जा रही हैं।


0 Comments