17 फरवरी 2020, 12:22 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
जींद। महज 200 रूपए रिश्वत लेना एक भ्रष्ट एएसआई को इतना महंगा पड़ गया कि वह अब अगले 5 साल तक जेल की सलाखों में चक्की पीसेगा। इसके साथ ही अदालत ने इस भ्रष्टाचारी को 10 हजार का जुर्माना भी ठोंका है। आरोप है कि इसने लगभग 3 साल पहले 200 रुपए की रिश्वत मांगी थी, जिसका प्रतिवादी ने वीडियो बना लिया था। वीडियो वायरल होने के बाद इसे सस्पेंड कर दिया गया था, वहीं अब यह फैसला आया है। पुलिस के मुताबिक जींद के बाजरान मोहल्ले के सुनील कपूर ने साल 2015 में पासपोर्ट बनवाने के लिए आवेदन किया था, जिसकी पुलिस वैरीफिकेशन के दौरान थाना शहर जींद से एएसआई महेंद्र सिंह ने 200 रुपए रिश्वत मांगी। सुनील कपूर ने रिश्वत देते हुए उसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और आरोपी महेंद्र को तुरंत सस्पेंड कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान सबूत पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। हालांकि कुछ समय बाद उसे बहाल कर दिया था। फिर कुछ समय बाद उसे ड्यूटी से बर्खास्त कर दिया, लेकिन तीन महीने बाद ही उसे फिर से रिज्वाइन कर नौकरी पर रख लिया। इस मामले में शनिवार को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय पराशर की अदालत ने जुर्म में 5 वर्ष की सजा और 10 हजार के जुर्माना हुए मुजरिम को जेल भेज दिया है।


0 Comments