17 फरवरी 2020, 12:51 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
नई दिल्ली। एक समय में मेवात की राजनीति की धुरी माने जाने वाले हरियाणा के पूर्व मंत्री और फरीदाबाद से पूर्व सांसद चौधरी खुर्शीद अहमद का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। खुर्शीद अहमद एशियन अस्पताल फरीदाबाद में भर्ती थे। मरहूम चौधरी खुर्शीद अहमद को नूंह में ही आज सुपुर्द-ए-खाक (अंतिम संस्कार) किया जाएगा। चौधरी खुर्शीद अहमद के पुत्र आफताब अहमद भी 2009 में बनी भूपेंद्र सिंह हुड्डा सरकार में परिवहन मंत्री बने थे और वर्तमान में नूंह से विधायक हैं, साथ ही हरियाणा विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के उप नेता हैं। पूर्व मंत्री चौधरी खुर्शीद अहमद के निधन से नूंह के विधायक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि 20 जून 1934 को जन्मे चौधरी खुर्शीद अहमद भारत के सर्वोच्च न्यायालय में एक प्रैक्टिसिंग वकील और एक राजनेता भी थे। वे फरीदाबाद, हरियाणा के सांसद भी रहे तथा पंजाब और हरियाणा विधानसभा के पांच बार विधायक भी रह चुके हैं। उनके तीन बेटे और 1 बेटी हैं। आफताब अहमद, महताब अहमद, अंजुम अहमद और रुखसाना।


0 Comments