हिसार में बोले बराला, दिल्ली चुनाव नतीजों का हरियाणा की राजनीति पर नहीं पड़ेगा कोई असर




16 फरवरी 2020, 3:15
 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन 
हिसार। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे का हरियाणा की राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। जहां तक वहां भाजपा की हार के बाद कदम उठाने का सवाल है, वह वहां की कमेटी देखेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला आज यहां सेक्टर 14 स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की हार के बाद उसके नेता बेरोजगार हो गए हैं। उनको चाहिए कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वह कोई रोजगार ढूंढ लें। सुभाष बराला ने कहा कि दिल्ली के चुनाव में बेशक हार मिली है लेकिन भाजपा का वोट बैंक छह फीसद तक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता मनोहरलाल सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व उनकी उपलब्धियों का आंकलन हताशा की स्थिति में सही-सही नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस नेता नहीं चाहते कि यह नीतियां आम जनता तक पहुंचे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर के पार्टी बनाने के सवाल पर बराला ने कहा कि तंवर ने कांग्रेस में काफी साल काम किया। किस प्रकार उनको कांग्रेस से निकाला गया, यह सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में विधानसभा में प्रदेश का बजट प्रस्तुत होगा और प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल की इच्छा है कि बजट आम जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप हो। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेश के सभी जिलों व विधानसभा सत्र पर समाज के सभी वर्गों की राय ली जाए। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक डा. कमल गुप्ता, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पूनिया, मेयर गौतम सरदाना, चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, जिला महामंत्री सुजीत कुमार, आशा खेदड़, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला समेत भाजपा के अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments