- बजट पूर्व प्रदेशभर के विधायकों से सुझाव लेने वाला हिन्दुस्तान का पहला राज्य बना हरियाणा
20 फरवरी 2020, 3:38 PM
संदीप कम्बोज। हरियाणा मीडिया जंक्शन
चंडीगढ़। हरियाणा का बजट इस बार गाँव-गरीब- किसान व आमजन पर फोकस रहेगा। बजट पूर्व प्रदेशभर के विधायकों से लिए गए सुझावों को भी लागू किए जाने की तैयारी है। बजट पूर्व विधायकों से सुझाव लेने के मामले में भी हरियाणा पदश का पहला राज्य बन गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बताया कि बजट पूर्व विधायकों के साथ विचार विमर्श बैठक का आयोजन करने की हरियाणा ने एक नई पहल की है और आशा है कि अन्य राज्य इसका अनुसरण करेंगे। बैठक में आए अच्छे सुझावों को बजट के मानदण्डों के अनुरूप अधिक से अधिक शामिल करने का प्रयास किया जाएगा जो इस बजट 2020-21 में देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि विधायकों ने पार्टी लाईन से उपर उठकर सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि यहां खुले मन से विचार विमर्श हुआ है। यहां पार्टी में मैं बनकर आए थे हम बन कर निकले हैं। सभी का संकल्प है कि हम समकक्ष बनकर प्रदेश की प्रगति करेंगे और जन आंकाक्षाओं पर खरा उतरेंगें।
मुख्यमंत्री ने विधायकों द्वारा राजस्व बढ़ाने के दिए गए सुझावों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश का बजट राजस्व व खर्चे के आंकड़ों का लेखा जोखा होता है। उन्होंने 8 जनवरी से प्री बजट बैठकों की शुरूआत की गई थी, आज यह विधायकों के साथ अंतिम बैठक थी। इससे पूर्व विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों के साथ भी बैठके की गई और उनके सुझावों को भी प्रक्रिया में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय इस बैठक के 6 सत्रों में जितने भी सुझाव आए उनमें से अधिकतम को बजट में समावेश किया जाएगा और विभागों के बजट के सारांश संकलित कर आज से ही बजट बनाने की प्रक्रिया आरम्भ हो गई है। कल राज्यपाल श्री सत्यदेव नारायण आर्य के अभिभाषण के साथ प्रात: 11 बजे हरियाणा विधान सभा का बजट सत्र औपचारिक रूप से आरम्भ हो जाएगा। बजट सत्र की अवधि विधानसभा कार्यवाही समिति की बैठक में तय होगी। सभी विधायकों ने बजट पूर्व बैठक में बोलने का अवसर देने के लिए मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सहित मंत्री एवं विधायक मौजूद रहे।


0 Comments