सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर रिटायर्ड कर्नल ने 30 युवाओं से ठग लिए 1.74 करोड़




11 नवंबर 2020, 7:07 PM  
हरियाणा मीडिया जंकशन न्यूज
भिवानी। पैसे देकर भारतीय सेना में नौकरी लगने का सपना संजोए बैठे कुछ युवाओं के अरमान धरे रह गए। इन्हें न ही तो भारतीय सेना में नौकरी मिली और न ही नौकरी लगने की एवज में दी गई लाखों की रकम ही वापिस मिली। और दिलचस्प बात यह कि ठगी करने वाला कोई और नहीं बल्कि सेना का ही रिटायर्ड कर्नल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पररिटायर्ड कर्नल शिव प्रेम कुमार शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योतिभव, कर्नल एके तेवतिया और विकास नामक व्यक्ति के खिलाफ 30 युवाओं से 1.74 करोड़ रुपये ठगने के आरोप में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुुरु कर दी है। गांव सिसाय निवासी रवींद्र, छपार निवासी भाल सिंह व हांसी के गांव गढ़ी निवासी नफे सिंह व सोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके दोस्त परमजीत सिंह का दोस्त विकास सेना से सेवानिवृत कर्नल शिव प्रेम कुमार शर्मा के साथ रहता है। विकास ने कहा कि वह बेरोजगार युवाओं को आर्मी में भर्ती करवा सकता है। इसके लिए प्रत्येक युवक के छह लाख रुपये लगेंगे। गांव गढ़ी निवासी नरेश व सोनू ने 28 अप्रैल 2018 को कर्नल शिवकुमार शर्मा को भिवानी के बस अड्डे पर 12 लाख रुपये दिए। जून-जुलाई माह में कर्नल शिव प्रेम कुमार शर्मा व विकास को 28 लाख रुपये दो बार में दिए। आरोपितों ने इन युवकों का मेडिकल करवाया और कुछ दिन बाद दो युवकों को बुलाकर उन्हें ज्वाइनिंग लेटर भी दे दिए। आरोपितों ने कहा कि इन युवकों की ज्वाइनिंग 17 जुलाई 2018 को हो जाएगी। अगर तुम मुझे 30 युवकों के पैसे और दे दोगे तो सभी की एक साथ ज्वाइनिंग करवा देगा। इस पर बाकी युवकों ने भी आरोपितों को रुपये दे दिए। आरोपितों ने 30 युवकों से कुल एक करोड़ 74 लाख रुपये की ठगी की।पुलिस ने रिटायर्ड कर्नल शिव प्रेम कुमार शर्मा, लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योतिभव, कर्नल एके तेवतिया व विकास नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे।

Post a Comment

0 Comments