20 फरवरी 2020, 3:29 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। गांव हरिता के पास मछली फार्म चलाने वाले संचालक व कारिंदे के शव स्याहड़वा माइनर में मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रह है कि किसी ने दोनों की हत्या कर शवों को नहर में फेंक दिया है वहीं पुलिस इस मामले की जांच दुर्घटना के एंगल से भी कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार राम कुमार का भर्री गांव के सरपंच के साथ मिलकर हरिता गांव के नजदीक नहर के पास मछली फार्म था। वहीं पर रिंकू भी काम करता था। दोनों फार्म पर ही रहते थे। जांच में सामने आया कि मंगलवार रात को दोनों ने शराब पी थी। उसके बाद कहीं गए भी थे और करीब साढ़े नौ बजे वापस आ रहे थे। बुधवार सुबह दोनों के शव माइनर में मिले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शवों को बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। वहीं पुलिस को आशंका है कि रात को शराब के नशे में नहर पार करते हुए वह इसमें गिरे होंगे। मृतक राम कुमार के पिता जगदीश ने पुलिस को शिकायत देकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करवाया गया है।


0 Comments