11 फरवरी 2020, 2:40 PM
हरियाणा मीडिया जंक्शन न्यूज
हिसार। हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (हरसेक) के गोपनीय दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करने वाला असिस्टेंट साइंटिस्ट अंकुर शर्मा आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ ही गय। सिविल लाइन थाना पुलिस ने डिफेंस कॉलोनी निवासी आरोपी अंकुर शर्मा को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। बता दें कि हरसेक प्रशासन ने प्राथमिक जांच में पाया था कि संस्थान का ही कोई अधिकारी-वैज्ञानिक 6 से अधिक प्राइवेट फर्मों से हरसेक के प्रोजेक्ट में काम दिलाने के नाम पर कमीशन मांग रहा था। इसके बाद जांच की गई तो राज खुलते गए। डायरेक्टर डॉ. वीएस आर्या के फर्जी हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी से कई फर्मों को विभिन्न कामों के लिए एग्रीमेंट कर दिया गया था। हरसेक के डायरेक्टर ने संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक अधिकारी को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। इस पर एचएयू पुलिस चौकी में असिस्टेंट साइंटिस्ट पर धोखाधड़ी, जालसाजी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। बता दें कि हरियाणा अंतरिक्ष उपयोग केंद्र राज्य सरकार के साइंस एवं टेक्नोलॉजी द्वारा हिसार में स्थापित किया गया है जहां सेटेलाइट डाटा, मैप डाटा, फॉरेस्ट मैपिंग, मिट्टी की मैपिंग, फल्ड मैपिंग आदि तकनीक आधारित कार्य किया जाता है।
इन उपकरणों की बरामदगी के लिए पूछताछ करेगी पुलिस
अंकुर शर्मा पर आरोप है कि हरसेक में जियो इनफार्मेटिक्स असिस्टेंट साइंटिस्ट अंकुर शर्मा ने गोपनीय दस्तावेजों का दुरुपयोग किया था। अब पुलिस आरोपी असिस्टेंट साइंटिस्ट से दस्तावेजों, फर्मों से कितना कमीशन लिया, फर्जी दस्तावेजों के लिए काम में लाया गया लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल इत्यादि की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है।


0 Comments