11 फरवरी 2020, 5:50
सन्नी कथूरिया। हरियाणा मीडिया जंक्शन
पानीपत। छह फरवरी से लापता पानीपत के प्रॉपर्टी डीलर नरेश शर्मा का हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उनका पार्टनर पुलकित मदान ही निकला। ब्याज पर लिए रूपए वापिस मांगने पर ही पुलकित ने नरेश को हमेशा के लिए मौत की नींद सुलाने का प्लान तैयार किया था। पुलकित ने नरेश को हिसाब करने के बहाने बुलाया और दोस्तों की सहायता से हत्या कर पहले लाश को और बाद में नरेश की कार को भी नहर में धकेल दिया। पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की कार को तो नहर से बरामद कर लिया था लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं चल पाया था। पुलिस के अनुसार सुखदेव नगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर नरेश शर्मा छह फरवरी की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। उनकी कार आखिरी बार अंसल सुशांत सिटी के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में नजर आई थी। हालांकि रात अधिक होने के कारण कार में मौजूद लोगों बारे कुछ पता नहीं लग सका था। पुलिस दो दर्जन से अधिक परिचितों, रिश्तेदारों और दोस्तों की कॉल हिस्ट्री और मोबाइल फोन लोकेशन को खंगाला और आखिरकार हत्यारोपी को खोज निकाला।
यह बनी हत्या की वजह
बता दें कि प्रॉपर्टी डीलर नरेश शर्मा की सेक्टर 12-17 स्थित पैराडाइज कार बाजार के मालिक पुलकित मदान से जान पहचान थी। 2018 में पुलकित को रुपयों की जरूरत थी तो उसने नरेश से पांच फीसद ब्याज पर 15 लाख रुपये लिए थे। आठ लाख रुपये वापस कर दिए थे, जबकि सात लाख बाकी थे। नरेश ने जब रुपये मांगे तो पुलकित परेशान हो गया। इसके बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची। पुलकित ने हत्या की साजिश अपने दोस्त चेतन और सुनील के साथ रची। चेतन शर्मा और सुनील चंदौली गांव के रहने वाले हैं। पहले तीनों ने नरेश की रेकी की। वह हर रोज साढ़े सात बजे आॅफिस से यमुना एन्क्लेव स्थित घर जाते थे। स्काईलार्क के पास पुलकित ने अपनी कार स्विफ्ट खड़ी कर दी। वहीं से नरेश गुजरा तो स्काईलार्क के पास उन्ही की कार में बैठकर अपने आॅफिस पैराडाइज कार बाजार ले गया। वहां पहले से ही सुनील और चेतन थे।
इस तरह किया कत्ल
पुलकित के आॅफिस पहुंचते ही चेतन, सुनील ने मिलकर नरेश शर्मा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को उसकी की तीनों ने मिलकर नरेश की हत्या कर उनकी इटियोस कार की डिग्गी में शव रख दिया। चेतन और सुनील कार लेकर हाईवे और सीसीटीवी से बचने के लिए मेन रोड से न जाकर लोकल रूट से गए। करनाल के आवर्धन नहर के पास सचिन और चेतन पहुंचे, पीछे से पुलकित अपनी कार से आ गया। वहां शव निकालकर नहर में फेंक दिया और कुछ दूर जाकर कार को भी नहर में धकेल दिया।


0 Comments